नई दिल्ली। राजस्थान के बीकानेर में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 हजार करोड़ रुपये की विशाल विकास परियोजनाओं का भव्य उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के 8 राज्यों से राज्यपाल, मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए, साथ ही बड़ी संख्या में जनता ने भी उत्साह से इस कार्यक्रम को देखा।
प्रधानमंत्री मोदी ने देशनोक रेलवे स्टेशन से 103 ‘अमृत स्टेशनों’ का उद्घाटन किया, जो देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में फैले हैं। इन स्टेशनों को करीब 1100 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक और सौंदर्यपूर्ण बनाया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी इस मौके पर मौजूद रहे।
मोदी ने अपने संबोधन में भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की महत्वाकांक्षी योजनाओं को उजागर किया। उन्होंने ‘वंदे भारत’, ‘अमृत भारत’, और ‘नमो भारत’ ट्रेनों को आधुनिकता के प्रतीक बताया। पिछले 11 वर्षों में रेलवे नेटवर्क को नई पटरी, मानव रहित क्रॉसिंग, और विशेष माल गलियारों से लैस करने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना की भी प्रगति साझा की।
प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत 1,300 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रंगों से सजाया जा रहा है, जिससे न केवल स्थानीय कला का संरक्षण होगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
राजस्थान की जल संकट को देखते हुए मोदी ने सिंचाई परियोजनाओं पर जोर दिया और पिछले 11 वर्षों में इस क्षेत्र में 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश का जिक्र किया। उन्होंने इस साल रेलवे विकास के लिए राज्य में 10 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की योजना भी साझा की।
बीकानेर के खास उत्पाद, बिकानेरी भुजिया और रसगुल्ले की वैश्विक पहचान बढ़ाने पर मोदी ने खास जोर दिया। साथ ही राजस्थान की पेट्रोलियम रिफाइनरी प्रोजेक्ट की प्रगति का भी उन्होंने हवाला दिया, जो राज्य को ऊर्जा क्षेत्र का हब बनाएगा।
प्रधानमंत्री ने ‘पीएम सूर्या घर’ योजना के तहत 40 हजार लोगों को मुफ्त बिजली मिलने की खुशी जताई, साथ ही जल, स्वास्थ्य और बिजली से जुड़े कई अन्य प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में करणी माता के आशीर्वाद की भी चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि उनकी प्रेरणा से देश के विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने पिछले 11 वर्षों में बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व बदलावों का भी बखान किया और कहा कि अब भारत बुनियादी ढांचे में पहले से छह गुना ज्यादा निवेश कर रहा है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी मोदी के रेल सुधारों की तारीफ की और बताया कि पिछले 11 वर्षों में 34 हजार किलोमीटर नई रेलवे पटरी बिछाई गई, जो कई देशों के कुल नेटवर्क से ज्यादा है। साथ ही 47 हजार किलोमीटर से अधिक रेल मार्गों का विद्युतीकरण हुआ है और ‘नमो भारत’ तथा ‘वंदे भारत’ जैसी नई पीढ़ी की ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने देशनोक स्टेशन से बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को रवाना किया। देशनोक स्टेशन का पुनर्विकास ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत मंदिर वास्तुकला से प्रेरित ‘अर्च एंड कॉलम’ शैली में किया गया है।
इसके अलावा मोदी ने चुरू-सादुलपुर रेललाइन की आधारशिला रखी और 100% विद्युतीकरण के तहत 1,000 किलोमीटर से अधिक रेलखंड राष्ट्र को समर्पित किए। साथ ही 12 राज्य राजमार्गों के उन्नयन और सौर ऊर्जा, विद्युत प्रसारण, नर्सिंग कॉलेजों, जलापूर्ति सहित कुल 26 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की।



