नई दिल्ली। मेडिकल की प्रतिष्ठित परीक्षा NEET-UG 2025 का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए शनिवार की सुबह बड़ी खबर लेकर आई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए हैं, जिसमें राजस्थान के महेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय रैंक-1 (AIR-1) हासिल की है। उन्होंने 99.99 प्रतिशत अंक अर्जित कर देशभर में टॉप किया।
इस साल NEET-UG में रिकॉर्ड 22 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। परीक्षा 4 मई को देश के 552 शहरों और दुबई, दोहा, सिंगापुर, काठमांडू जैसे 14 अंतरराष्ट्रीय केंद्रों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए 5,468 केंद्र बनाए गए थे।
टॉपर्स की सूची में विविधता, महिला प्रतिभा का दबदबा
टॉप 10 रैंक में दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब जैसे राज्यों के छात्र छाए रहे। दिल्ली की अविका अग्रवाल ने महिलाओं में पहला स्थान हासिल करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर पांचवीं रैंक पाई है।
मध्य प्रदेश के उत्कर्ष अवधिया दूसरे स्थान पर और महाराष्ट्र के कृषांग जोशी तीसरे स्थान पर रहे। दिल्ली के मृणाल किशोर झा ने चौथी रैंक पाई है।
महिला उम्मीदवारों की संख्या में ऐतिहासिक उछाल
NEET-UG 2025 में महिला उम्मीदवारों की संख्या ने नया कीर्तिमान बनाया है। इस बार 13.10 लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया, जबकि पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 9.66 लाख रही। परीक्षा में 7.22 लाख महिलाएं सफल रहीं, जो कि एक उत्साहजनक संकेत है।
सबसे ज्यादा योग्य उम्मीदवार यूपी से
इस साल योग्यता प्राप्त करने वाले सबसे अधिक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश से (1,70,684) हैं। इसके बाद महाराष्ट्र (1,25,727) और राजस्थान (1,19,865) का स्थान है।
सामाजिक समूहों का प्रतिनिधित्व
श्रेणीवार पंजीकरण के आंकड़ों में ओबीसी उम्मीदवारों का दबदबा रहा, जहां 9.48 लाख छात्रों ने आवेदन किया। अनारक्षित वर्ग से 6.89 लाख, एससी से 3.3 लाख, ईडब्ल्यूएस और एसटी से करीब 1.5 लाख छात्रों ने परीक्षा दी।
कुल योग्य उम्मीदवारों की संख्या
NTA के अनुसार, कुल 12,36,531 छात्र NEET-UG 2025 में उत्तीर्ण हुए हैं, जिनमें से 5,14,063 पुरुष, 7,22,462 महिलाएं, और 6 थर्ड जेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं।