अहमदाबाद: ‘इंडियन आइडल 12’ के चहेते विजेता और मशहूर सिंगर पवनदीप राजन का अहमदाबाद में गंभीर सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में पवनदीप घायल हो गए और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में उन्हें अस्पताल के बेड पर लेटे और डॉक्टर्स से इलाज करवाते हुए देखा जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, पवनदीप की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जिससे उनके फैंस में बेचैनी और चिंता का माहौल है। फैंस लगातार सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। हालांकि, अब तक अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
हादसा कैसे और कब हुआ, इसकी जानकारी अब भी स्पष्ट नहीं है, लेकिन उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अस्पताल के वीडियो में पवनदीप बेड पर किसी से बातचीत करते भी दिख रहे हैं। उत्तराखंड के रहने वाले पवनदीप ‘इंडियन आइडल’ के अलावा ‘द वॉयस इंडिया सीजन 1’ के भी विजेता रह चुके हैं और अपनी गायकी से लाखों दिल जीत चुके हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो पवनदीप इन दिनों अपने सिंगिंग शोज़ और म्यूज़िक इवेंट्स में बिज़ी हैं, जिनमें देश-विदेश के फैंस शामिल होते हैं। सोनू निगम और सलीम मर्चेंट जैसे दिग्गज कलाकार भी उनकी आवाज़ के कायल हैं। फैंस को उम्मीद है कि उनका पसंदीदा सितारा इस हादसे से जल्द उबरकर फिर से मंच पर लौटेगा।



