नई दिल्ली: एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत के लिए खुशखबरी की शुरुआत हो गई है। पुरुषों की 20 किमी रेस वॉक स्पर्धा में सर्विन सेबास्टियन ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीत लिया है। उन्होंने 1:21:13.60 के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ न सिर्फ पदक जीता, बल्कि अपने करियर का पहला एशियाई मेडल भी हासिल किया।
इस जीत के साथ सर्विन, इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले भारत के आठवें एथलीट बन गए हैं और यह उपलब्धि उनके अब तक के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह जीत उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान दे रही है।
हालांकि, महिला जेवलिन थ्रो में भारत को थोड़ी निराशा हाथ लगी। अनुभवी एथलीट अन्नू रानी 58.40 मीटर की थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहीं और पदक से चूक गईं।
दूसरी ओर, ट्रैक स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की है। महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में रूपल चौधरी और विध्या रामराज ने अपने-अपने हीट में क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल करते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। दोनों से फाइनल में भी जोरदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में यूनूस शाह ने दूसरे स्थान के साथ फाइनल में जगह बनाई, जबकि 400 मीटर में विशाल टीके ने 46.05 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए अपनी जगह पक्की कर ली। हालांकि, जय कुमार फाइनल के लिए मामूली अंतर से क्वालिफाई नहीं कर सके।
एशियन चैंपियनशिप में भारत की शुरुआत उत्साहजनक रही है और अब निगाहें आगामी इवेंट्स पर टिकी हैं, जहां पदकों की और बरसात की उम्मीद की जा रही है।