नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा प्रस्तुत राज्य के बजट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी आलोचना की है। भाजपा ने इस बजट को मुस्लिम लीग की नीतियों से प्रेरित बताते हुए कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अनिल एंटनी ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ भारतीयों के सशक्तीकरण और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध हैं। भाजपा की नीति सबका विकास और सशक्तीकरण है, जबकि कांग्रेस केवल तुष्टीकरण की राजनीति में लगी हुई है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय की अपनी विरासत को छोड़कर मुस्लिम लीग की नीतियों को अपना रही है। कर्नाटक सरकार द्वारा पेश किए गए इस बजट को उन्होंने ‘औरंगजेब से प्रेरित’ करार दिया।
भाजपा नेता ने बताया कि राज्य सरकार ने वक्फ संपत्तियों के रखरखाव, मुस्लिम कब्रिस्तानों के बुनियादी ढांचे के विकास और संरक्षण के लिए 150 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। उन्होंने इसे धर्म के आधार पर समाज को बांटने वाली नीति करार देते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान विरोधी तरीके से धार्मिक आधार पर आरक्षण दे रही है।
भाजपा ने कांग्रेस पर यह भी आरोप लगाया कि वह सिर्फ मुसलमानों को अल्पसंख्यक मानती है और अन्य वंचित समुदायों की उपेक्षा कर रही है। मुसलमानों को पहले से ही शिक्षा और रोजगार में आरक्षण प्राप्त है, जो संविधान के सिद्धांतों के विपरीत है। अब उन्हें सरकारी ठेकों में 4% आरक्षण देना तुष्टीकरण की पराकाष्ठा है, जिसका भाजपा कड़ा विरोध करती है।