काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा व ब्रजभूमि के विकास की बारी: मुख्यमंत्री योगी

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मथुरा के बरसाना में ‘रंगोत्सव 2025’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा और ब्रजभूमि के विकास का समय आ गया है। उन्होंने ब्रजभूमि को भारत की सनातन संस्कृति की ऊर्जा का केंद्र बताते हुए कहा कि यह आस्था और श्रद्धा की भूमि है, जहां कण-कण में श्रीराधा और श्रीकृष्ण का वास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए यह सौभाग्य की बात है कि काशी, अयोध्या और मथुरा जैसे तीन प्रमुख तीर्थ स्थल सनातन परंपरा के प्रतीक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास की नई परंपरा को रेखांकित करते हुए हाल ही में संपन्न प्रयागराज महाकुंभ के भव्य आयोजन को इसका उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ ने सनातन धर्म के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों को करारा जवाब दिया है और यह आयोजन सनातन धर्म के लिए ऐतिहासिक क्षण बन गया है।

होली से एकता का संदेश, ब्रजभूमि के विकास को मिलेगा बढ़ावा

योगी आदित्यनाथ ने होली को आपसी सद्भाव और भाईचारे का पर्व बताते हुए कहा कि महाकुंभ ने जहां दुनिया को एकता का संदेश दिया, वहीं होली इसे और सशक्त करती है। उन्होंने बरसाना की प्रसिद्ध लठ्ठमार और लड्डूमार होली की परंपराओं की प्रशंसा करते हुए इसे सनातन संस्कृति का अद्भुत उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष के बजट में ब्रजभूमि के विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। बरसाना में करोड़ों की विकास योजनाएं शुरू की जा रही हैं और यहां पहली बार रोपवे सुविधा शुरू की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि काशी, अयोध्या, प्रयागराज और मां विंध्यवासिनी धाम के विकास के बाद अब मथुरा, बरसाना और ब्रजभूमि का कायाकल्प किया जाएगा।

यमुना को गंगा की तरह निर्मल बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने दिल्ली में रामभक्तों की सरकार बनने का जिक्र करते हुए यमुना के संरक्षण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि अब यमुना मइया भी गंगा की तरह निर्मल और अविरल होंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संतों का सम्मान किया और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को होली और रंगोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बरसाना ब्रह्मा, नंदगांव शिव और गोवर्धन विष्णु जी का प्रतीक है और यह भूमि हर सनातन धर्मावलंबी के लिए आशीर्वाद का केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार सुरक्षा, विकास और समृद्धि की गारंटी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि होली के इस पावन अवसर पर ब्रजभूमि के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने श्रीलाडली जी महाराज के मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की।

इस अवसर पर संतजन विनोद बाबा, रामसुख दास, माधवदास मौनी बाबा, फलहारी बाबा, राज्य सरकार के मंत्री संदीप सिंह और चौधरी लक्ष्मी नारायण, सांसद तेजवीर सिंह, विधायक मेघश्याम सिंह और पूरण प्रकाश, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह और ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं, गीतांजलि शर्मा ने अपने समूह के साथ फूलों की होली पर विशेष नृत्य प्रस्तुति दी।

सिकंदर

रिलीज से पहले ही सलमान खान की ‘सिकंदर’ ने 165 करोड़ की कमाई

अनुपम खेर और अनिल कपूर पहुंचे हरिद्वार, हरिहर आश्रम में किया रुद्राभिषेक