मुंबई। ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के अचानक निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री गहरे सदमे में है। महज 42 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली शेफाली को शुक्रवार देर रात सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद मुंबई के बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।
शनिवार को शेफाली के अंधेरी स्थित घर पर मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। घटनास्थल की गहनता से जांच की गई और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। अभिनेत्री के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी और मामले की जांच जारी है।
मुंबई पुलिस ने बयान में कहा, “शेफाली अंधेरी के गोल्डन रेज बिल्डिंग में अपने पति के साथ रहती थीं। रात करीब 10 बजे के आसपास परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।”
इमारत के एक सुरक्षा गार्ड ने बताया, “रात लगभग 10 या सवा 10 बजे एक गाड़ी बहुत तेजी से इमारत से निकली। ऐसा लग रहा था जैसे किसी इमरजेंसी में निकला गया हो। गाड़ी के शीशे काले थे, इसलिए अंदर कौन था, ये देख पाना मुश्किल था। शेफाली को मैंने आखिरी बार दो दिन पहले उनके पति के साथ टहलते हुए देखा था। वह तब बिल्कुल स्वस्थ लग रही थीं।”
एक चमकदार करियर और निजी जिंदगी की झलक
15 दिसंबर 1982 को गुजरात के अहमदाबाद में जन्मी शेफाली जरीवाला ने अपनी पहचान 2000 के दशक की शुरुआत में म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से बनाई थी। इसके बाद उन्होंने टीवी शोज़, फिल्मों और डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए’ में हिस्सा लिया। 2019 में वह ‘बिग बॉस 13’ में भी बतौर कंटेस्टेंट नजर आईं थीं।
शेफाली की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। उन्होंने पहली शादी म्यूजिक कंपोजर हरमीत सिंह से की थी, लेकिन यह रिश्ता 2009 में तलाक के साथ खत्म हो गया। बाद में 2015 में उन्होंने अभिनेता पराग त्यागी से शादी की।
शेफाली की असमय मौत ने सभी को हैरान और दुखी कर दिया है। फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत से जुड़े कई सवालों के जवाब दे सकती है।