ARREST, JAIL

मणिपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: तीन अलग-अलग अभियानों में छह उग्रवादी धराए, हथियार और जबरन वसूली की रकम बरामद

इंफाल। मणिपुर में लगातार बढ़ती उग्रवादी गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए राज्य पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। शुक्रवार और शनिवार को अलग-अलग इलाकों में की गई कार्रवाई में कुल छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन अभियानों में उग्रवादियों के कब्जे से जबरन वसूली की गई नकदी, मोबाइल फोन, वाहन और अहम दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

तीन उग्रवादी थांगमेइबंद से गिरफ्तार
पहला अभियान इंफाल पश्चिम के थांगमेइबंद थिंगेल लेईकाई इलाके में चलाया गया, जहां सामुदायिक हॉल के पास से तीन उग्रवादियों को पकड़ा गया। इनकी पहचान अहीबाम जॉनसन सिंह उर्फ खोंथांग (27), निंगथौजम स्कोलिया देवी उर्फ चाओबा (25) और सलाम बिनीता देवी उर्फ बेम्मा उर्फ तमन्ना (22) के रूप में हुई है।

इंफाल ईस्ट में केसीपी (PWG) के दो गुर्गे गिरफ्तार
दूसरा ऑपरेशन इंफाल ईस्ट के पोरोमपत थाना क्षेत्र में चलाया गया, जहां वांगखेई निंगथेम पुखरी मापल इलाके से कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (KCP-PWG) से जुड़े दो और गुर्गों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए लोगों में लैशराम सूरज सिंह उर्फ इबुंगो (33) और सपम (एन) क्षेत्रीमायुम (ओ) अशंगबी देवी (34) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक स्कूटर, जबरन वसूले गए ₹10,000, दो मोबाइल और एक आधार कार्ड बरामद किया है।

तीसरे ऑपरेशन में एक और उग्रवादी दबोचा गया
तीसरी कार्रवाई लमलई थाना क्षेत्र के चिंगरेल तेजपुर इलाके में की गई, जहां समुरौ अवांग लेइकाई निवासी नोंगमेकपम जिलिश मैतेई (29) को गिरफ्तार किया गया। इस पर निजी कंपनियों और आम नागरिकों से जबरन वसूली करने के आरोप हैं।

पुलिस की सख्त चेतावनी
राज्य पुलिस ने साफ किया है कि मणिपुर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उग्रवादी और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ़ कार्रवाई बिना रुके जारी रहेगी। पुलिस प्रवक्ता ने दोहराया कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।

मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

Heavy Rain in Uttarakhand: चारधाम यात्रा प्रभावित, कई मार्गों पर मलबा गिरने से यात्री फंसे