रोहतक। जूनियर (अंडर-17) नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) ने अपना जलवा बिखेरते हुए लड़कों और लड़कियों दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।
रोहतक के नेशनल बॉक्सिंग एकेडमी में हुए इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में सर्विसेज की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों और लड़कियों में 9-9 पदक झटके। लड़कों ने 6 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य जबकि लड़कियों ने 4 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल किया।
लड़कों के वर्ग में सर्विसेज ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा, वहीं लड़कियों ने गत चैंपियन हरियाणा को पछाड़कर नंबर वन का ताज पहना। हरियाणा दोनों वर्गों में दूसरे स्थान पर रहा।
लड़कों की कैटेगरी में महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर रहा, जबकि लड़कियों में मणिपुर ने शानदार खेल दिखाते हुए ब्रॉन्ज पोजिशन पर कब्जा जमाया।
इस प्रतियोगिता में कई नामी युवा मुक्केबाजों ने अपना लोहा मनवाया। दिल्ली की अहाना शर्मा (50 किग्रा), उत्तराखंड की खुशी चंद (46 किग्रा) और हरियाणा की अंशिका (80+ किग्रा) ने बेहतरीन जीत दर्ज की।
फाइनल में सर्विसेज के स्टार मुक्केबाजों ने दमदार पंच दिखाए — उधम सिंह राघव (54 किग्रा), साहिल दुहान (60 किग्रा), प्रियांश सेहरावत (70 किग्रा), जयदीप सिंह हंजरा (80 किग्रा) और राहुल (80+ किग्रा) ने गोल्ड पर निशाना साधा।
लड़कियों की टीम में नैतिक (52 किग्रा), चंद्रिका पुजारी (54 किग्रा), हरसिका (60 किग्रा) और हमूर कौर (66 किग्रा) की जीत ने टीम को मजबूती दी। हरसिका ने तीसरे राउंड में ही मुकाबला समाप्त कर दिया। प्राची खत्री (80 किग्रा), हिमांशी (70 किग्रा) और जिया (48 किग्रा) की जीतों ने महिला मुक्केबाजी में उभरती प्रतिभाओं की झलक दी।
इवेंट में विशेष पुरस्कारों की भी धूम रही — मणिपुर के लांचेनबा सिंह को बेस्ट बॉक्सर (बॉयज), उत्तराखंड के लकी बगडवाल को मोस्ट प्रॉमिसिंग बॉक्सर चुना गया। लड़कियों में हरियाणा की दिव्या को सर्वश्रेष्ठ और जम्मू-कश्मीर की बरीना को सबसे होनहार मुक्केबाज घोषित किया गया।
रेफरी और जज की भूमिका में भी सितारे चमके — हरियाणा की पूजा दुहन को बेस्ट रेफरी और राजस्थान के विशाल निरवाण को बेस्ट जज अवॉर्ड मिला।
नेशनल रिंग में सर्विसेज की ये ‘गोल्डन पंच’ जीत आने वाले ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय इवेंट्स के लिए देश की उम्मीदों को और मजबूती देती है।