चंडीगढ़। पंजाब की सियासत में आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में AAP के प्रत्याशी और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस के दिग्गज नेता भारत भूषण आशु को 10,637 वोटों के अंतर से मात दी।
सोमवार को खालसा कॉलेज में मतगणना के 14 राउंड पूरे होने के बाद नतीजे साफ हो गए। संजीव अरोड़ा को 35,179 वोट, भारत भूषण को 24,542 वोट, और तीसरे स्थान पर रहे भाजपा के जीवन गुप्ता को 20,323 वोट मिले। शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार परउपकार सिंह को केवल 8,203 वोट से ही संतोष करना पड़ा।
यह सीट पहले AAP के गुरप्रीत सिंह बस्सी उर्फ गोगी के पास थी, जिनके निधन के बाद 19 जून को उपचुनाव कराया गया। अब पार्टी ने फिर से इस सीट पर जीत दर्ज कर अपने जनाधार को मजबूत किया है।
दिलचस्प बात यह है कि संजीव अरोड़ा फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं और अब विधायक बनने के बाद वे जल्द ही राज्यसभा से इस्तीफा देंगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस खाली होने वाली सीट पर खुद अरविंद केजरीवाल के पंजाब से राज्यसभा जाने की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं।
इस जीत से आम आदमी पार्टी को जहां पंजाब में और मजबूती मिली है, वहीं कांग्रेस और भाजपा को एक बार फिर रणनीति पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है।