नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार सुबह यमुना नदी के तट पर योगासन कर एक संदेश दिया—“आस्था और सफाई, दोनों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अडिग है।” कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए उन्होंने न सिर्फ योग का अभ्यास किया, बल्कि मां यमुना को स्वच्छ बनाने के अपने संकल्प को भी दोहराया।
रेखा गुप्ता ने कहा, “सालों से सत्ता में बैठी सरकारों ने मां यमुना की लगातार अनदेखी की। लेकिन बीजेपी की सरकार ने आते ही इसे प्राथमिकता दी है। आज जब हम इसी पावन नदी के किनारे योग कर रहे हैं, तो यह इस बात का संकेत है कि मां यमुना को शुद्ध और निर्मल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जल्द ही यमुना पर क्रूज सेवा शुरू होगी और पहली बार आधुनिक तकनीक से यमुना की सफाई की जा रही है। उन्होंने यह भी वादा किया कि “हमारी कोशिश रहेगी कि यमुना में गिरने वाली हर बूंद साफ और शुद्ध हो।”
इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता ने अपने एक्स हैंडल पर दिल्लीवासियों को धन्यवाद देते हुए लिखा, “आज राजधानी के 11 स्थलों पर आयोजित भव्य योग उत्सव में जिस उत्साह के साथ आप सभी शामिल हुए, उसने यह दिखा दिया कि जब सरकार और समाज साथ चलते हैं, तो संस्कृति जन-जन का संकल्प बन जाती है।”
उन्होंने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय दिल्ली के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सेवाभावी संगठनों और योग साधकों को देते हुए कहा कि यह आयोजन प्रेरणादायक बन गया है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि “उनकी वजह से आज भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक परंपराएं पूरी दुनिया में सम्मान प्राप्त कर रही हैं। योग को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का श्रेय भी उन्हें ही जाता है।”
योग के इस अद्भुत संगम में दिल्ली ने एक नई उम्मीद जगाई है—साफ यमुना, स्वस्थ दिल्ली और सशक्त सांस्कृतिक विरासत।