जापान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम, टोक्यो के बौद्ध मंदिर में उमड़ा जनसैलाब

टोक्यो। जापान की राजधानी टोक्यो शनिवार को योगमय हो उठी जब यहां के ऐतिहासिक बौद्ध मंदिर त्सुकिजी होंगवानजी में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर करीब दो हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा लिया।

इस विशेष अवसर का उद्घाटन जापानी प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा की पत्नी योशिको इशिबा ने किया। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” रही, जो न केवल व्यक्तिगत बल्कि वैश्विक स्वास्थ्य को जोड़ने का संदेश देती है।

भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज ने बड़ी संख्या में उपस्थित जापानी नागरिकों, राजनयिकों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए योग के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में जापान के विदेश मंत्री इवाया ताकेशी की पत्नी सतोको इवाया, भारतीय राजदूत की पत्नी जॉयस सिबी, त्सुकिजी होंगवानजी मंदिर के प्रमुख रेवरेंड म्योकेन हयामा और रेवरेंड तोमोहिरो किमुरा भी शामिल रहे।

इससे एक दिन पहले शुक्रवार को, ओसाका एक्सपो 2025 के प्रांगण में भी योग दिवस का उत्सव मनाया गया। ओसाका के उप-राज्यपाल शिगेकी वतनबे और भारतीय राजदूत सिबी जॉर्ज ने समारोह का उद्घाटन किया। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि “हजारों लोगों ने इस योग सत्र में भाग लेकर भारत-जापान संबंधों की गहराई को दर्शाया।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अवसर पर दुनिया से आह्वान किया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को ‘योग 2.0’ के रूप में चिन्हित किया जाए — एक ऐसा दौर जहां आंतरिक शांति को वैश्विक नीति का हिस्सा बनाया जाए।

योग दिवस अब सिर्फ एक वार्षिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विश्वभर में शांति, स्वास्थ्य और सामूहिक चेतना का प्रतीक बन गया है — और जापान में इसकी गूंज इस बात की साक्षी है।

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर और वेस्टचेस्टर में गूंजा ‘योग का विश्व मंत्र’, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब

TRUMP, US, DONALD

ईरान पर इजरायली हमले रोकना मुश्किल: ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- यूरोप की कोशिशें नाकाम