BSE, NSE, MARKET

उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स और निफ्टी में मजबूती

मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार सुबह की हल्की सुस्ती के बाद एक बार फिर रफ्तार लौटती नजर आई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी ने धीमी चाल के साथ शुरुआत की थी, लेकिन खरीदारी की वापसी होते ही बाजार ने तेज़ी से रुख बदला और दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान पर पहुंच गए।

बीएसई सेंसेक्स ने 7 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 81,354.85 पर दिन की शुरुआत की, लेकिन निवेशकों की लिवाली ने इसे करीब 300 अंकों तक ऊपर पहुंचा दिया। हालांकि कुछ ही देर में मुनाफावसूली के चलते सेंसेक्स ने बढ़त खो दी। पहले 15 मिनट दबाव में रहे बाजार में इसके बाद खरीदारी का जोर फिर बढ़ा और सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 263.84 अंकों की मजबूती के साथ 81,625.71 पर कारोबार करता नजर आया।

उधर, निफ्टी ने भी मिलेजुले संकेतों के साथ 24,787.65 के स्तर से कारोबार शुरू किया। शुरुआती चढ़ाव के बाद इसमें हल्की गिरावट देखने को मिली, लेकिन फिर बाजार ने पलटी मारी और निफ्टी 24,900.25 के दिन के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। सुबह 10 बजे तक यह सूचकांक 72.55 अंकों की तेजी के साथ 24,865.80 पर कारोबार कर रहा था।

बाजार में सक्रियता भी बनी रही। अब तक 2,364 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1,692 शेयरों में तेजी और 672 में गिरावट देखी गई। सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयर हरे निशान में रहे, जबकि 9 लाल निशान पर फिसले। निफ्टी के भी 50 में से 39 शेयरों में खरीदारी का माहौल बना रहा।

आज जिन प्रमुख शेयरों में मजबूती देखी गई, उनमें एटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट और अदानी इंटरप्राइजेज शामिल रहे। ये शेयर 0.14% से लेकर 0.76% तक चढ़े। वहीं, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, बजाज फाइनेंस, विप्रो और ओएनजीसी जैसे दिग्गज शेयरों में 0.58% से 2.77% तक गिरावट आई।

गौरतलब है कि बुधवार के कारोबारी दिन बाजार थोड़ा दबाव में रहा था। सेंसेक्स 82.79 अंक गिरकर 81,361.87 पर और निफ्टी 18.80 अंक फिसलकर 24,793.25 पर बंद हुआ था। लेकिन आज की हलचल यह संकेत देती है कि बाजार में एक बार फिर तेजी की उम्मीद की जा सकती है, खासकर जब निवेशकों का रुझान लिवाली की ओर बढ़ता दिख रहा है।

GOLD, SILVER

Gold-Silver Price Update: सोने-चांदी की कीमतों में हल्की तेजी, जानें आज आपके शहर में क्या हैं रेट्स

GLOBAL MARKET

ग्लोबल बाजारों से मिले-जुले संकेत, एशियाई बाजारों में दिखी रौनक