नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार से शुरू हो रही बहुप्रतीक्षित टेस्ट सीरीज से पहले केएल राहुल ने अपने पुराने साथी करुण नायर की टीम में वापसी को लेकर भावुक प्रतिक्रिया दी है। आठ साल बाद भारतीय टेस्ट टीम में लौटे करुण नायर को लेकर राहुल ने कहा कि उनकी यह वापसी संघर्ष, संयम और जुनून का प्रतीक है।
राहुल ने कहा, “हमने 11 साल की उम्र में साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया था। करुण को जब भारतीय टीम में जगह मिली थी, उन्होंने तिहरा शतक भी लगाया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें टीम से बाहर रहना पड़ा। पिछले दो-तीन सालों में उन्होंने जिस तरह से अपने खेल पर मेहनत की है, वो वाकई काबिल-ए-तारीफ है।”
राहुल ने करुण के काउंटी क्रिकेट अनुभव को भी सराहा और कहा कि उन्होंने लगातार खुद को साबित करने की कोशिश की है। “वापसी के लिए उनकी भूख और समर्पण देखकर गर्व होता है। उम्मीद करता हूं कि हम दोनों लंबे समय तक भारत के लिए साथ खेलें।”
कोहली-रोहित की गैरमौजूदगी से खालीपन महसूस होगा
इस बार की टेस्ट सीरीज में दो दिग्गज—विराट कोहली और रोहित शर्मा—नजर नहीं आएंगे, क्योंकि दोनों टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल ने कहा, “विराट और रोहित पिछले 10 सालों से भारतीय क्रिकेट की रीढ़ रहे हैं। उनके बिना ड्रेसिंग रूम जाना थोड़ा अजीब जरूर होगा, लेकिन अब हम सभी खिलाड़ियों को मिलकर जिम्मेदारी उठानी होगी।”
इंग्लैंड में अग्निपरीक्षा के लिए तैयार हैं राहुल
राहुल ने यह भी बताया कि IPL 2025 के बाद उन्होंने सीधे इंग्लैंड दौरे की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा, “इंग्लैंड में खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, खासकर जब वे अपने घर में खेलते हैं। हमारी टीम युवा है और यह सीरीज हमारे लिए एक बड़ी परीक्षा साबित होगी।”
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच 21 जून को लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेला जाएगा।



