Women’s FIH Pro League: अर्जेंटीना के आगे नहीं टिक पाई टीम इंडिया, दीपिका के गोल के बावजूद 1-4 से हार

लंदन। एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग 2024-25 के रोमांचक मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम को अर्जेंटीना के खिलाफ 1-4 की करारी हार झेलनी पड़ी। लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए इस मैच में दीपिका (30वें मिनट) ने भारत के लिए इकलौता गोल दागा, लेकिन अर्जेंटीना की अनुभवी खिलाड़ी अगस्टिना गोरजेलानी ने हैट्रिक (42′, 54′, 55′) के साथ मुकाबले का रुख पलट दिया।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, लेकिन भारत की ओर से सलीमा टेटे और लालरेमसियामी ने आक्रामक शुरुआत करते हुए गोल के मौके बनाए। अर्जेंटीना ने संयमित और रणनीतिक खेल अपनाते हुए भारत की गति पर लगाम लगाने की कोशिश की।

दूसरे क्वार्टर में मुकाबले ने रफ्तार पकड़ी। 29वें मिनट में अर्जेंटीना की विक्टोरिया फालास्को ने पहला गोल दागकर बढ़त बनाई, लेकिन भारत ने अगले ही मिनट जवाब देते हुए पहला पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किया जिसे दीपिका ने जोरदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 कर दिया।

हालांकि, तीसरे क्वार्टर में भारत की पकड़ कमजोर पड़ने लगी। अर्जेंटीना को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे गोरजेलानी ने 42वें मिनट में भुनाया। इसके बाद भारतीय डिफेंस पर दबाव बढ़ता गया।

अंतिम क्वार्टर में भारत ने गोल के लिए संघर्ष जारी रखा। सलीमा एक बार फिर गोल के करीब पहुंचीं, लेकिन अर्जेंटीना की गोलकीपर ने उनके प्रयास को विफल कर दिया। वहीं, अर्जेंटीना ने दो और गोल कर भारत की वापसी की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया।

गोरजेलानी की हैट्रिक और अर्जेंटीना के अनुशासित खेल के सामने भारतीय टीम की मेहनत नाकाफी साबित हुई। भारत को अब आने वाले मैचों में अपनी रणनीति और फिनिशिंग पर खास ध्यान देना होगा।

HARSHIT RANA, CRICKETER

IND vs ENG: हर्षित राणा को कवर के तौर पर भारतीय टीम में शामिल किया गया

INDIAN Jr. HOCKEY TEAM

भारतीय जूनियर हॉकी टीम जर्मनी रवाना, वर्ल्ड कप से पहले आज़माएगी ताकत