VIRUS

कोविड से राहत: देश में एक्टिव केस 7 हजार से भी नीचे, संक्रमण की रफ्तार थमी

नई दिल्ली। भारत में कोविड-19 को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। संक्रमण के नए वैरिएंट की रफ्तार थमने के साथ ही एक्टिव केसों की संख्या तेजी से घट रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह 8 बजे तक जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड के एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 6836 रह गई है — यानी अब ये आंकड़ा 7 हजार से नीचे आ चुका है।

पिछले 24 घंटों में 428 एक्टिव केस कम हुए, जो लगातार तीसरे दिन गिरावट का संकेत है। इससे पहले सोमवार को 119 मामलों की कमी दर्ज की गई थी। कोविड ग्राफ में आई यह गिरावट सरकार और जनता, दोनों के लिए राहत की सांस है।

इन राज्यों में सबसे बड़ी गिरावट:

  • केरल में सबसे ज्यादा 261 केस कम हुए, अब कुल एक्टिव केस 1659 हैं।
  • गुजरात में 185 मामलों की कमी के साथ कुल मरीज 1248 रह गए।
  • दिल्ली में 94, महाराष्ट्र में 28, आंध्र प्रदेश में 18 और सिक्किम में 13 एक्टिव केस कम हुए हैं।
  • अन्य राज्यों जैसे असम, तेलंगाना, बिहार, छत्तीसगढ़ और गोवा में भी मामूली गिरावट देखी गई।

कहां बढ़े संक्रमण के मामले?

कुछ राज्यों में मामूली बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है:

  • कर्नाटक में सबसे ज्यादा 105 नए केस सामने आए।
  • राजस्थान में 29, हरियाणा में 12 और पंजाब में 10 लोग संक्रमित पाए गए।
  • मणिपुर, यूपी, मध्य प्रदेश, ओडिशा, त्रिपुरा, तमिलनाडु, झारखंड, लद्दाख, नागालैंड और उत्तराखंड में भी 1 से 3 नए केस रिपोर्ट हुए हैं।

एक मौत से फिर चिंता

हालांकि देशभर में संक्रमण से सिर्फ एक मौत रिपोर्ट हुई है, लेकिन यह भी चिंता का विषय बना हुआ है। महाराष्ट्र की 44 वर्षीय महिला की कोविड के कारण मौत हुई है।

इस गिरावट ने दिखाया है कि देश में कोविड की स्थिति अब नियंत्रण में आ रही है, लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय लगातार सतर्कता बनाए रखने की अपील कर रहा है। कोरोना भले ही धीमा पड़ गया हो, मगर लापरवाही से हालात फिर बिगड़ सकते हैं।

दिल्ली में खुला ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का नया अध्याय, सीएम रेखा गुप्ता ने मोहल्ला क्लीनिक पर कसा तंज

DEATH, POISON

झारखंड: शादी के महज 36 दिन बाद पत्नी ने की पति की हत्या, खाने में मिलाया जहर