नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय विज्ञान भवन में ‘नारी शक्ति से विकसित भारत’ विषय पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा। इस सम्मेलन का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, वरिष्ठ अधिकारी और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर ‘#SheBuildsBharat’ नामक व्यापक अभियान भी चलाया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस की महिला अधिकारी, ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूहों की सदस्य आदि भाग लेंगी। साथ ही, विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की महिला अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में विश्व बैंक, यूनिसेफ, यूएन महिला, यूएनडीपी और यूएनएफपीए जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
उद्घाटन सत्र के बाद पूरे दिन उच्चस्तरीय पैनल चर्चा होगी, जिसमें तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में एसटीईएम, व्यवसाय, खेल, मीडिया और प्रशासन से जुड़ी प्रतिष्ठित महिला नेता अपने अनुभव साझा करेंगी। पहला सत्र अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर महिलाओं की अब तक की यात्रा और भविष्य की दिशा पर केंद्रित होगा। दूसरा सत्र ‘महिला सशक्तीकरण के माध्यम से वित्तीय समावेशन’ पर केंद्रित रहेगा, जिसमें महिलाओं की उद्यमशीलता और अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी पर चर्चा होगी।