पुणे पुल हादसा: अब तक 4 की मौत, 51 लोगों को बचाया गया, 8 की हालत नाजुक

पुणे/मुंबई। पुणे जिले के मावल तहसील में रविवार को इंद्रायणी नदी पर बना एक पुल अचानक ढह गया, जिससे वहां मौजूद सैकड़ों पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एनडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई में 51 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इनमें से आठ की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय पुल पर करीब 100 लोग मौजूद थे। दोपहर में अचानक पुल का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे कई लोग नदी में बह गए। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की दो टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में लोगों को बाहर निकाला गया।

मृतकों की पहचान चंद्रकांत साठले, रोहित माने, विहान माने और एक अन्य के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

अब भी जारी है तलाश, कुछ लापता
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि और कितने लोग अभी भी लापता हैं। स्थानीय लोगों और चश्मदीदों के अनुसार, 2-3 लोग अब भी नदी में लापता हो सकते हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। सोमवार सुबह से फिर से बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।

राज्य सरकार का मुआवजा ऐलान
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके अलावा, सरकार सभी घायलों के इलाज का खर्च भी वहन करेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने इस जानकारी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया।

इस दर्दनाक हादसे ने पुल की गुणवत्ता और रखरखाव पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

ISRO

ISRO के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र को उड़ाने की धमकी, श्रीहरिकोटा में हाई अलर्ट

मणिपुर में केसीपी के तीन उग्रवादी गिरफ्तार, सुरक्षा बलों की दो सफल कार्रवाइयाँ