भोपाल। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। यह दर्दनाक घटना सोहागी पहाड़ के पास हुई, जब सीमेंट पिलर से लदा एक तेज़ रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर एक चलती हुई ऑटो रिक्शा पर पलट गया। ऑटो में सवार आठ में से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक पुरुष, एक महिला और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। वहीं, अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान का कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि ये सभी मऊगंज के नईगढ़ी गांव के रहने वाले थे और प्रयागराज में गंगा स्नान कर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रयागराज से रीवा की ओर जा रहा बल्कर ट्रक सोहागी घाटी में ऑटो को ओवरटेक करते वक्त अनियंत्रित हो गया और सीधे उसके ऊपर जा गिरा। दुर्घटना के बाद सोहागी पहाड़ से लेकर टोल प्लाज़ा तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटवाया।
रीवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक लाल ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और मामले की जांच गहनता से की जा रही है। हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।



