नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले लंबे और अहम दौरे के लिए पूरी तैयारी में जुटी है। पांच जून को मुंबई के बीसीसीआई मुख्यालय में शाम 7:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, जो टेस्ट टीम के नए कप्तान शुभमन गिल के लिए खास होगी क्योंकि यह उनकी कप्तानी में पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के आगामी इंग्लैंड दौरे को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई है, जिसके बाद क्रिकेट जगत की निगाहें अब इस युवा कप्तान पर टिकी हैं।
दिग्गज खिलाड़ियों के जाने के बाद यह दौर भारतीय टीम के लिए एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है। इस टेस्ट सीरीज के साथ भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (2025-27) की भी शुरुआत करेगा, इसलिए इस सीरीज की सफलता बेहद महत्वपूर्ण है।
25 मई को टीम इंडिया के स्क्वॉड के ऐलान के वक्त गौतम गंभीर और शुभमन गिल प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल नहीं थे। ऐसे में माना जा रहा है कि आज दोनों से टीम की रणनीति, खिलाड़ियों के चयन, और आगामी मुकाबलों को लेकर कड़े सवाल पूछे जाएंगे।
गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद टीम को बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था, इसलिए इंग्लैंड दौरे पर युवा खिलाड़ियों से सजी टीम के प्रदर्शन को लेकर गंभीर उम्मीदें और दबाव दोनों हैं। यह दौर गौतम के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्लेइंग 11 के चयन, नंबर-4 बल्लेबाज की समस्या, रविचंद्रन अश्विन के रिप्लेसमेंट को लेकर भी सवाल उठने की संभावना है। गेंदबाजी विभाग में भी चुनौतियां हैं, क्योंकि प्रमुख पेसर मोहम्मद शमी फिटनेस की पूरी स्थिति में नहीं हैं, वहीं जसप्रीत बुमराह भी सिर्फ तीन टेस्ट मैच खेल पाएंगे। सिराज की हालिया फॉर्म भी टीम के लिए चिंता का विषय रही है।
शार्दुल ठाकुर टीम में वापसी कर रहे हैं और अर्शदीप सिंह को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है, जो टीम की गेंदबाजी रणनीति में नए आयाम जोड़ सकते हैं।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल की कप्तानी के साथ-साथ टीम की रणनीति और चुनौतियों को लेकर बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है। क्रिकेट प्रेमी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को बड़ी उत्सुकता से देख रहे हैं।



