देहरादून। उत्तराखंड के माणा क्षेत्र में हुए हिमस्खलन में फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए बचाव अभियान तेज गति से जारी है। अब तक 55 में से 49 श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि 6 श्रमिकों की तलाश अभी भी जारी है। इस अभियान में भारतीय सेना, आईटीबीपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां जुटी हुई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सेना के अधिकारियों से अभियान की विस्तृत जानकारी ली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लगातार स्थिति से अवगत कराया।
देहरादून लौटकर मुख्यमंत्री धामी ने आपदा परिचालन केंद्र में अधिकारियों के साथ बैठक की और मीडिया से बातचीत में भरोसा जताया कि सभी श्रमिकों को जल्द सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण अभियान में कुछ चुनौतियां आ रही हैं, लेकिन सरकार और राहत एजेंसियां पूरी क्षमता से जुटी हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय इस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और केंद्र सरकार से हरसंभव मदद का आश्वासन मिला है। वायु सेना के हेलीकॉप्टर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में सक्रिय रूप से शामिल हैं। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें।