पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पलासिओस ने नई दिल्ली में लिया गार्ड ऑफ ऑनर, तीन दिवसीय राजकीय दौरे की शुरुआत

नई दिल्ली: पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पलासिओस आज अपनी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। राजधानी के पालम एयर फोर्स स्टेशन पर उन्हें भव्य गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी आज मुलाकात होने वाली है, जिसमें दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के हर महत्वपूर्ण पहलू पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति पेना, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी भेंट करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर आए पराग्वे के राष्ट्रपति के साथ मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों का एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल भी है। यह राष्ट्रपति पेना की भारत में पहली यात्रा है और पराग्वे के किसी राष्ट्रपति की अब तक दूसरी भारत यात्रा मानी जा रही है।

राष्ट्रपति पेना अपने दौरे के दौरान मुंबई भी जाएंगे, जहां वे राज्य के राजनीतिक, व्यापारिक और तकनीकी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। भारत और पराग्वे के बीच 1961 में स्थापित राजनयिक संबंध दशकों से मजबूत और मैत्रीपूर्ण रहे हैं। दोनों देशों ने व्यापार, कृषि, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे कई क्षेत्रों में गहरा सहयोग विकसित किया है। पराग्वे लैटिन अमेरिका में भारत का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार भी है।

इस दौरे से भारत-पराग्वे संबंधों को और नई ऊंचाइयां मिलने की उम्मीद है।

रूस-यूक्रेन के बीच ड्रोन और मिसाइल हमलों के बीच शांति वार्ता के लिए इस्तांबुल में पुनः आमना-सामना

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता परिवार के साथ केदारनाथ धाम पहुंचीं, देश-प्रदेश की खुशहाली के लिए की पूजा-अर्चना