नई दिल्ली। हफ्ते की शुरुआत शेयर बाजार के लिए अच्छी नहीं रही। शुरुआती कारोबार में ही घरेलू शेयर बाजार पर जबरदस्त दबाव देखा गया, जिससे सेंसेक्स 81 हजार के ऊपर की शुरुआत के बावजूद कुछ ही मिनटों में 80,654 अंक तक फिसल गया। बाजार खुलते ही बिकवाली के माहौल ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी, हालांकि बीच-बीच में हुई लिवाली ने कुछ राहत जरूर दी, लेकिन इंडेक्स फिर भी लाल निशान में ही कारोबार करते रहे।
सुबह 10:15 बजे तक सेंसेक्स 611.92 अंकों की गिरावट के साथ 80,839.09 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी भी इसी दौरान 166.35 अंक टूटकर 24,584.35 के स्तर पर आ गया।
सेंसेक्स आज 236 अंकों की गिरावट के साथ 81,214.42 पर खुला था, लेकिन शुरुआती 20 मिनट में ही इसमें तेज गिरावट देखी गई और यह 80,654.26 के निचले स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद कुछ हद तक रिकवरी जरूर हुई, पर बिकवाली का दबाव बना रहा।
कौन से शेयर चमके, कौन से फिसले?
शुरुआती घंटे में Apollo Hospitals, Adani Ports, Hindustan Unilever, Mahindra & Mahindra और Bharat Electronics जैसे दिग्गज शेयरों में 0.62% से 2.81% तक की बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर Hero MotoCorp, Bajaj Auto, HCL Tech, JSW Steel और HDFC Bank में 1.47% से लेकर 1.94% तक की गिरावट आई।
इस दौरान बीएसई पर कुल 2,491 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी, जिनमें से 1,368 शेयर बढ़त में और 1,123 गिरावट में थे। सेंसेक्स के 30 में से 9 शेयरों में तेजी और 21 में गिरावट देखी गई। निफ्टी के 50 में से 17 शेयर हरे और 33 लाल निशान में थे।
पिछले हफ्ते भी दिखी थी कमजोरी
पिछले शुक्रवार को भी बाजार कमजोर रहा था। सेंसेक्स 182 अंक टूटकर 81,451.01 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 82.90 अंक फिसलकर 24,750.70 पर बंद हुआ था।
फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर बना हुआ है और निवेशक ग्लोबल संकेतों और चुनावी माहौल के बीच सतर्कता बरतते दिख रहे हैं।



