IPL 2025: मुंबई इंडियंस की धमाकेदार जीत से गुजरात का सफर खत्म, रोहित ने ठोके रिकॉर्ड, अब पंजाब से टक्कर

चंडीगढ़। आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटन्स को 20 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई टीम अब क्वालिफायर-2 में 1 जून को अहमदाबाद में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी।

न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 228 रन ठोके। जवाब में गुजरात टाइटन्स की टीम 208 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ गुजरात का आईपीएल 2025 का सफर थम गया।

मुंबई की धमाकेदार शुरुआत

मुंबई के लिए रोहित शर्मा और जॉनी बेयरस्टो की सलामी जोड़ी ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े। बेयरस्टो ने 22 गेंदों में 47 रन बनाए जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके बाद रोहित ने सूर्यकुमार यादव (33) और फिर तिलक वर्मा (25) के साथ उपयोगी साझेदारियां कीं। रोहित ने 50 गेंदों में 81 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। खास बात यह रही कि इसी दौरान रोहित ने आईपीएल में अपने 300 छक्के भी पूरे किए—वे यह कारनामा करने वाले पहले सक्रिय खिलाड़ी बन गए हैं।

हार्दिक पांड्या ने भी अंतिम ओवरों में धमाका किया और सिर्फ 9 गेंदों में 22 रन जड़ दिए। इस तरह मुंबई ने गुजरात को 229 रनों का विशाल लक्ष्य दिया।

गुजरात की लड़खड़ाती शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान शुभमन गिल मात्र 1 रन पर ट्रेंट बोल्ट का शिकार बने। वहीं, कुसल मेंडिस हिट विकेट हो गए। इसके बाद साई सुदर्शन (80 रन) और वाशिंगटन सुंदर (48 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की और बीच में 84 रनों की अहम साझेदारी की। लेकिन लगातार अंतराल में विकेट गिरते रहे। रदरफोर्ड (24), शाहरुख खान (13), और राहुल तेवतिया (16) ने कोशिश की, लेकिन टीम 208 तक ही पहुंच सकी।

गेंदबाज़ों का जलवा

मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट ने 2 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह, मिचेल सैंटनर, रिचर्ड ग्लीसन और अश्विनी कुमार ने 1-1 विकेट झटका। गुजरात की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और साई किशोर ने 2-2 विकेट लिए, वहीं मोहम्मद सिराज को 1 सफलता मिली।

मुंबई इंडियंस की इस जीत के बाद फैंस की निगाहें अब क्वालिफायर-2 पर हैं, जहां टीम का मुकाबला पंजाब किंग्स से होने वाला है। जीत के जज्बे और जबरदस्त फॉर्म के साथ हार्दिक की सेना अब फाइनल की ओर बढ़ रही है।

NETANYAHU

GAZA संघर्ष: इज़रायल की दो टूक चेतावनी, हमास को युद्धविराम प्रस्ताव कबूलने का अल्टीमेटम

BHARAT ARUN

भरत अरुण लेंगे श्रीलंका के तेज गेंदबाजों की गेंदबाजी सुधारने की कमान, दो हफ्ते का स्पेशल कोचिंग कैंप शुरू