नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार ने आज कमजोर शुरुआत की और दिन के पहले घंटे में ही निवेशकों को झटका दे दिया। हालांकि शुरुआती कुछ मिनटों में थोड़ी रफ्तार जरूर देखने को मिली, लेकिन बिकवाली के दबाव के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक लाल निशान में लौट आए।
बाजार खुलते ही सेंसेक्स 167.33 अंक गिरकर 81,465.69 पर खुला, जो शुरुआती दबाव में 81,414.02 तक लुढ़क गया। हालांकि थोड़ी देर बाद खरीदारी के सहारे सेंसेक्स ने उछाल मारते हुए 81,698.21 का स्तर छुआ, लेकिन यह तेजी टिक नहीं सकी और एक बार फिर बिकवाली के कारण बाजार फिसल गया। सुबह 10:15 बजे तक सेंसेक्स 109.67 अंक टूटकर 81,523.35 पर कारोबार कर रहा था।
निफ्टी का भी हाल कुछ ऐसा ही रहा। यह 21 अंक की गिरावट के साथ 24,812.60 पर खुला और जल्द ही 24,780 तक फिसल गया। हालांकि थोड़ी राहत की सांस देते हुए निफ्टी 24,863.95 तक उछला, लेकिन तेजी ज्यादा देर टिक नहीं सकी। सुबह 10:15 बजे तक निफ्टी 60.95 अंक टूटकर 24,772.65 के स्तर पर पहुंच गया।
किन शेयरों में रही हलचल?
शुरुआती एक घंटे के कारोबार में एटरनल, बजाज फिनसर्व, कोल इंडिया, जियो फाइनेंशियल और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे दिग्गज शेयरों में 1.49% से लेकर 0.82% तक की मजबूती रही। वहीं, बजाज ऑटो, टेक महिंद्रा, हिंडाल्को, इंफोसिस और इंडसइंड बैंक जैसे बड़े शेयरों में 2.31% से लेकर 1.20% तक की गिरावट देखी गई।
इस दौरान बीएसई पर कुल 2,408 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी, जिनमें से 1,087 हरे निशान में जबकि 1,321 शेयर लाल निशान में थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से सिर्फ 9 शेयर ही बढ़त में नजर आए, वहीं 21 शेयरों पर बिकवाली का दबाव रहा। निफ्टी के 50 शेयरों में 22 शेयर हरे निशान में और 28 लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
कल रहा था बढ़त का दिन
गुरुवार को बाजार ने दमदार प्रदर्शन किया था। सेंसेक्स 320.70 अंक चढ़कर 81,633.02 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी ने 81.15 अंकों की बढ़त के साथ 24,833.60 का स्तर छुआ था।



