चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- भूमि सुधार और किसानों के मसीहा के रूप में हमेशा रहेंगे याद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज किसानों के मसीहा और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विधान भवन परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए सीएम योगी ने कहा कि चौधरी साहब का योगदान आज भी देश के कोने-कोने में महसूस किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का नाम लेते ही भूमि सुधार, हदबंदी कानून और ग्रामीण विकास की मजबूत नींव याद आती है। वे किसानों के असली हितैषी और देश की मिट्टी से जुड़े नेता थे। “उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि उसे चौधरी साहब जैसा दूरदर्शी नेता मिला, जिन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए प्रशासनिक ईमानदारी और पारदर्शिता को नया आयाम दिया,” योगी ने कहा।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि चौधरी साहब ने प्रधानमंत्री, उपप्रधानमंत्री, गृह और वित्त मंत्री जैसे अहम पदों पर रहते हुए देश की दिशा और दशा को प्रभावित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बीते 11 वर्षों से उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीण भारत और किसानों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

इस श्रद्धांजलि समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह, मेयर सुषमा खर्कवाल और मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

सीएम योगी ने चौधरी चरण सिंह की स्मृतियों को नमन करते हुए प्रदेश की जनता की ओर से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

पश्चिम बंगाल: पूर्व मेदिनीपुर में भीषण सड़क हादसा, दो महिलाओं समेत पांच की मौत, चार गंभीर

RAIN

तमिलनाडु में मूसलाधार बारिश का कहर, नीलगिरि में पर्यटक स्थल बंद, कई जिलों में रेड अलर्ट