बाकू। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अजरबैजान दौरे के दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच दशकों पुरानी सिंधु जल संधि का मुद्दा छेड़ते हुए एक बार फिर भारत पर उंगलियां उठाईं। हालांकि उन्होंने इसे स्थगित करने की वजह को लेकर गोलमोल जवाब दिया और कोई ठोस आधार नहीं दिया।
शहबाज ने दावा किया कि भारत, पहलगाम आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ बता रहा है लेकिन अब तक कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया गया है। उन्होंने अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से मुलाकात की, जहां त्रिपक्षीय सम्मेलन (पाकिस्तान-तुर्किये-अजरबैजान) में पाकिस्तान को 2 अरब डॉलर के निवेश की सौगात मिली।
शहबाज ने इस मंच का इस्तेमाल कर एक बार फिर सिंधु जल पर भावनात्मक कार्ड खेला और कहा, “भारत पाकिस्तान का पानी रोकना चाहता है, लेकिन हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे। सिंधु का पानी हमारी जीवनरेखा है।”
अब शहबाज शरीफ ताजिकिस्तान रवाना हो गए हैं, जहां वे दो दिन रुकेंगे। उनकी मुलाकात वहां के राष्ट्रपति से होगी। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा और निवेश जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उम्मीद है कि इस दौरे के दौरान कई द्विपक्षीय समझौते भी किए जाएंगे।



