न्यूयॉर्क। अमेरिकी राजनीति में लंबी और प्रभावशाली पारी खेलने वाले पूर्व कांग्रेसी नेता चार्ल्स रैंगल का सोमवार को 94 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सिटी कॉलेज ऑफ न्यूयॉर्क ने एक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की है। रैंगल अमेरिकी कांग्रेस में ब्लैक लीडरशिप की मजबूत आवाज माने जाते थे और ‘कांग्रेशनल ब्लैक कॉकस’ के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे।
चार्ल्स रैंगल का राजनीतिक सफर प्रेरणादायक रहा। कोरियन युद्ध में सेवा देने के बाद उन्होंने 1970 में चर्चित नेता एडम क्लेटन पॉवेल को हराकर अमेरिकी कांग्रेस में दस्तक दी और इसके बाद लगातार 45 वर्षों तक न्यूयॉर्क का प्रतिनिधित्व किया। वह अमेरिकी कांग्रेस की सबसे शक्तिशाली ‘हाउस वेज एंड मीन्स कमेटी’ की अध्यक्षता करने वाले पहले अफ्रीकी-अमेरिकी नेता भी बने। 2016 में उन्होंने सार्वजनिक जीवन से संन्यास ले लिया।
सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेता चक शूमर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर उन्हें याद करते हुए लिखा, “चार्ल्स रैंगल न केवल एक महान नेता थे, बल्कि वे सच्चे दोस्त और संघर्षशील जनसेवक भी थे, जिन्होंने हमेशा अपने मतदाताओं की आवाज़ बुलंद की।”
शूमर ने कहा कि रैंगल की उपलब्धियां अनगिनत हैं। उन्होंने नस्लीय समानता, सामाजिक न्याय और टैक्स सुधारों के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाई और अमेरिका को एक बेहतर दिशा दी। वह अश्वेत नेतृत्व की पहचान बन गए थे और उन्होंने राजनीति में कई दीवारें गिराईं।
चार्ल्स रैंगल का जाना अमेरिकी राजनीति के एक युग का अंत है, लेकिन उनके द्वारा छोड़ी गई विरासत हमेशा याद की जाएगी।