नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां वे कई बड़े परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री का पहला पड़ाव दाहोद है, जहां वे सुबह 11:15 बजे लोकोमोटिव विनिर्माण संयंत्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव को हरी झंडी दिखाएंगे। यह संयंत्र भारतीय रेलवे की माल ढुलाई क्षमता को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।
दाहोद में करीब 24,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी प्रधानमंत्री करेंगे। इसके बाद मोदी भुज पहुंचेंगे, जहां 53,400 करोड़ रुपये से अधिक की कई बड़ी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। शाम को वे एक सार्वजनिक समारोह को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे की खास बात यह है कि वे 27 मई को गांधीनगर में गुजरात के शहरी विकास वर्ष 2005 की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह में शिरकत करेंगे और शहरी विकास वर्ष 2025 का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे शहरी विकास, स्वास्थ्य और जल आपूर्ति से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
दाहोद में होगा बड़ा बदलाव
लोकोमोटिव विनिर्माण संयंत्र में अब घरेलू और निर्यात के लिए 9000 एचपी के अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक इंजन बनाए जाएंगे। ये इंजन पर्यावरण के अनुकूल पुनर्योजी ब्रेकिंग सिस्टम से लैस होंगे, जो ऊर्जा की बचत सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा, दाहोद में रेल परियोजनाओं के साथ-साथ गुजरात सरकार की कई अन्य विकास परियोजनाएं भी शुरू होंगी।
प्रधानमंत्री वंदे भारत एक्सप्रेस का भी शुभारंभ करेंगे, जो वेरावल-अहमदाबाद और वलसाड-दाहोद स्टेशनों के बीच चलेगी। इसके अलावा, कटोसन-कलोल रेलवे खंड का उद्घाटन भी किया जाएगा।
भुज में भी चमकेंगे विकास के नये सितारे
भुज में 53,400 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का शुभारंभ होगा, जिनमें अक्षय ऊर्जा पार्क, थर्मल पावर प्लांट, कांडला बंदरगाह की परियोजनाएं और सड़क, जल एवं सौर ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं।
शहरी विकास वर्ष 2025 का होगा भव्य शुभारंभ
गुजरात में शहरी विकास के क्षेत्र में 2005 से शुरू हुई क्रांति को आगे बढ़ाते हुए मोदी जी शहरी विकास वर्ष 2025 का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर वे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 22,000 से अधिक घर भी लोगों को समर्पित करेंगे और स्थानीय निकायों को 3,300 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी जारी करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा गुजरात के विकास को नई गति देगा और प्रदेश में आधुनिक बुनियादी ढांचे व पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करेगा।



