राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सरदार सरोवर बांध और जंगल सफारी पार्क का किया दौरा

राजपीपला/अहमदाबाद। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को नर्मदा जिले के एकतानगर स्थित सरदार सरोवर बांध और जंगल सफारी पार्क का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और राज्य प्रोटोकॉल मंत्री जगदीश विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति ने सरदार सरोवर बांध की भव्यता को नजदीक से देखा, जो विंध्याचल और सतपुड़ा पर्वतमाला की प्राकृतिक सुंदरता के बीच स्थित एक अभूतपूर्व इंजीनियरिंग उपलब्धि है। उन्हें बांध निर्माण की चुनौतियों, जल भंडारण क्षमता, नहर नेटवर्क और इसके विभिन्न लाभों के बारे में जानकारी दी गई।

सरदार सरोवर नर्मदा निगम के प्रबंध निदेशक मुकेश पुरी ने राष्ट्रपति और राज्यपाल को बांध से गुजरात सहित आसपास के राज्यों और वहां के नागरिकों को मिलने वाले लाभों के बारे में अवगत कराया।

इसके बाद राष्ट्रपति ने जंगल सफारी पार्क का भी दौरा किया, जहां उन्होंने जगुआर, एशियाई शेर, बंगाल टाइगर और तेंदुए को करीब से देखा। साथ ही पक्षीशाला में उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के देशी और विदेशी पक्षियों को निहारा। इस दौरान पार्क के शिक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा ने उन्हें जंगल सफारी पार्क से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्रदान की।

महाकुंभ से मिली सीख के आधार पर रेलवे मैनुअल में होंगे स्थायी सुधार: अश्विनी वैष्णव

प्रधानमंत्री मोदी से मिले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी