नई दिल्ली: भारत ने आतंक के अड्डों पर कहर बरपाने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद यह संबोधन बेहद अहम माना जा रहा है।
7 मई को भारतीय सेना ने पाकिस्तान और POK (पाक अधिकृत कश्मीर) में स्थित 9 आतंकी शिविरों को ध्वस्त कर दिया था। यह जवाबी कार्रवाई पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद की गई थी, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी उस वक्त सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर थे, लेकिन जैसे ही हमला हुआ, उन्होंने दौरा बीच में छोड़कर देश वापसी की और तुरंत उच्चस्तरीय बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया। इसके बाद सेना प्रमुखों, कैबिनेट मंत्रियों और विपक्ष के साथ रणनीतिक चर्चाएं हुईं, और फिर 6 मई की रात चला ऑपरेशन सिंदूर – जो अब देश की सुरक्षा नीति में मील का पत्थर बन गया है।
इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मार गिराया। रफीकी, मुरीद, चकलाला, रहीम यार खान, सुक्कुर और चुनियां जैसे कई पाकिस्तानी सैन्य अड्डों को जवाबी हमले में निशाना बनाया गया। पसरूर और सियालकोट के रडार बेस पर सटीक हमलों से पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
भारत ने यह कार्रवाई पूरी जिम्मेदारी और संयम के साथ की — सिर्फ आतंकवादी ठिकानों और सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया, आम पाकिस्तानी नागरिकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
अब, जब भारत ने दुनिया को अपने इरादों और ताकत का अहसास करा दिया है, पूरे देश की नजरें प्रधानमंत्री मोदी के आज रात 8 बजे होने वाले संबोधन पर टिकी हैं। क्या होगा अगला कदम? क्या और भी बड़े ऐलान होंगे? जानने के लिए जुड़िए राष्ट्र के साथ।