रायपुर/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर-तेलंगाना सीमा पर चल रहे नक्सल विरोधी ऑपरेशन के दौरान आज एसटीएफ के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। ये जवान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) की चपेट में आ गए।
घायलों में थानसिंह और अमित पांडे शामिल हैं, जो ऑपरेशन के 14वें दिन कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर सर्चिंग पर थे। इस दौरान हुए धमाके में दोनों जवानों के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को निकटवर्ती कैम्प में लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चॉपर से बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
उक्त ऑपरेशन नक्सलियों के खिलाफ लगातार जारी है, और जवानों का हौंसला इस कठिन परिस्थिति में भी मजबूत बना हुआ है।



