श्रीनगर। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा। एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर सेक्टरों में संघर्षविराम का उल्लंघन किया और भारतीय चौकियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सेना ने भी इस दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब दिया।
भारतीय सेना के शीर्ष अधिकारी ने बताया कि 2-3 मई की रात पाक सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) के पार बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से फायरिंग की। भारतीय सेना ने तुरंत और प्रभावी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारी ने बताया कि इससे पहले भी 1-2 मई, 30 अप्रैल और 29 अप्रैल की रातों में पाकिस्तान ने कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, नौशेरा और अखनूर सेक्टरों में लगातार फायरिंग की थी।
फायरिंग की शुरुआत कुपवाड़ा और बारामूला से हुई, जो बाद में पुंछ, अखनूर, सुंदरबनी, नौशेरा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के परगवाल सेक्टर तक फैल गई। यह परगवाल सेक्टर में पिछले सप्ताह के बाद पहली फायरिंग की घटना मानी जा रही है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था। इसके बाद से पाकिस्तान लगातार एलओसी पर उकसावे की कार्रवाई कर रहा है। इसके चलते सीमा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और स्थानीय लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की इन हरकतों के बाद 29 अप्रैल को भारत ने कड़ा ऐतराज जताते हुए चेतावनी दी। दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों के बीच हॉटलाइन पर बातचीत भी हुई, जिसमें भारत ने संघर्षविराम उल्लंघन पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
सीमा पर तनाव के बीच भारतीय सेना पूरी तरह चौकस और मुस्तैद है। सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती इलाकों में पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी भी हालात से निपटा जा सके।



