डोंगरगढ़/रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में स्थित प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर के रोपवे में बड़ा हादसा हुआ। शुक्रवार को एक ट्रॉली रोप से टूटकर नीचे गिर गई, जिसके कारण भाजपा के प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि भाजपा नेता और वन विकास निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष रामसेवक पैकरा बाल-बाल बच गए।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब रामसेवक पैकरा और उनके साथ छह लोग रोपवे की ट्रॉली में सवार होकर नीचे लौट रहे थे। इस दुर्घटना में भाजपा के प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, दया सिंह, मनोज अग्रवाल सहित अन्य लोग सवार थे। हादसे में भरत वर्मा के हाथ में गंभीर चोट आई, जिन्हें तुरंत राजनांदगांव के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। प्राथमिक जांच में यह लापरवाही के कारण हुआ हादसा माना जा रहा है, जहां रोपवे की मेंटेनेंस में चूक पाई गई है। स्थानीय प्रशासन और तकनीकी टीम ने इस मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
राजनांदगांव के सीएसपी पुष्पेंद्र नायक ने पुष्टि की कि डोंगरगढ़ में हुआ हादसा बेहद गंभीर था, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता घायल हो गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष कमल सिंह राजपूत ने बताया कि रामसेवक पैकरा माता रानी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ आए थे, और उनके साथ भाजपा के बड़े नेता भरत वर्मा और विनोद खांडेकर भी मौजूद थे। दर्शन करने के बाद जब वे रोपवे के द्वारा नीचे लौट रहे थे, तो अचानक ट्रॉली का रोप टूटकर गिर पड़ा। हादसे में ट्रॉली के साथ सवार छह लोग घायल हुए, जिनमें से रामसेवक पैकरा के सुरक्षाकर्मी भी शामिल थे। सभी को हल्की चोटें आईं, लेकिन भरत वर्मा की स्थिति गंभीर है, और उन्हें उपचार के लिए राजनांदगांव के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।