मुंबई: सुनील शेट्टी की बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक एक्शन-ड्रामा ‘केसरी वीर: लीजेंड्स ऑफ सोमनाथ’ इन दिनों सुर्खियों में है। लेकिन फिल्म अब पाकिस्तान में रिलीज नहीं होगी। यह फैसला फिल्म के निर्माता कनु चौहान ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लिया है। उन्होंने इस फैसले को एक “भावनात्मक श्रद्धांजलि” बताया है।
कनु चौहान ने साफ शब्दों में कहा, “मैंने अपने विदेशी वितरक से कह दिया है कि मेरी फिल्म पाकिस्तान में रिलीज न की जाए। यह उन मासूम लोगों के लिए मेरी श्रद्धांजलि है जिन्होंने आतंकी हमले में जान गंवाई। यह मेरा स्टैंड है और मैं इस पर अडिग हूं।”
फिल्म का दमदार ट्रेलर 29 अप्रैल को मुंबई में भव्य तरीके से लॉन्च किया जाएगा, और फिल्म 16 मई को भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रिलीज होगी।
‘केसरी वीर’ 14वीं सदी के उन अनदेखे योद्धाओं की गाथा को जीवंत करती है जिन्होंने सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। इस फिल्म में सुनील शेट्टी, सूरज पंचोली, विवेक ओबेरॉय और आकांक्षा शर्मा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि आकांक्षा इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं।
फिल्म का निर्देशन किया है प्रिंस धीमान ने, और इसका निर्माण कनु चौहान के चौहान स्टूडियो के बैनर तले हुआ है।



