इंफाल: मणिपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए प्रीपाक (प्रो) के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राज्य के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई। इंफाल ईस्ट जिले के सागोलमांग थाना क्षेत्र के नगखापत एडवेंचर खारोक इलाके में पुलिस ने तीन उग्रवादियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नोंगथोम्बम माइनगौ सिंह (33), नोंगथोम्बम मोहन सिंह (45), और केशम साना लैमा उर्फ तमफासना उर्फ लिंगजेल (40) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इन तीनों उग्रवादियों का संबंध एक अपहरण की घटना से था, जिसमें दो व्यक्तियों को फिरौती के लिए अगवा किया गया था। यह घटना इंफाल ईस्ट जिले के खुंद्रकपम क्षेत्र स्थित नाओरेम बीराहारी कॉलेज के पास हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अपहृत व्यक्तियों को सुरक्षित रिहा कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को आरोपितों के पास से एक .32 बोर की पिस्तौल, एक मैगजीन (जिसमें पांच गोलियां लोड थीं), छह मोबाइल फोन, एक काले रंग की कमर बेल्ट और दो दोपहिया वाहन बरामद हुए।
इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने एक अन्य अभियान में प्रीपाक (प्रो) के एक और उग्रवादी को गिरफ्तार किया। यह घटना सावोमबंग थोंगखोंग अवांग लेइकाई इलाके में हुई, जहां खुँद्रकपम कथो सिंह (22) नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसे लमलै थाना क्षेत्र के अंतर्गत पकड़ा गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।