महाराष्ट्र: ₹40 लाख के इनामी चार खूंखार नक्सली दबोचे, C-60 कमांडो की हत्या में थे शामिल

गढ़चिरौली: महाराष्ट्र पुलिस ने नक्सलविरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। राज्य के गढ़चिरौली जिले के घने पल्ली जंगलों से पुलिस ने चार खतरनाक नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर कुल मिलाकर ₹40 लाख का इनाम घोषित था। इन नक्सलियों पर C-60 कमांडो की हत्या जैसे गंभीर आरोप हैं।

गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान सैलू मुडेला उर्फ रघु (55), उसकी पत्नी जैनी खराटम उर्फ अखिला (41), जंसी तलंदी उर्फ गंगू, और मनीला गावड़े उर्फ सरिता (21) के रूप में हुई है। इनमें मुडेला पर ₹20 लाख, उसकी पत्नी पर ₹16 लाख और बाकी दो पर ₹2-2 लाख का इनाम घोषित था।

गढ़चिरौली के एसपी नीलोत्पल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चारों संदिग्ध नक्सली ताडगांव थाना क्षेत्र के पल्ली जंगल में देखे गए हैं। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया है कि ये सभी 11 फरवरी 2024 को दिरांगी-फुलनार वन क्षेत्र में हुई भीषण मुठभेड़ में शामिल थे, जिसमें एक C-60 कमांडो शहीद हुआ था।

पुलिस के अनुसार:

  • सैलू मुडेला प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के दक्षिण गढ़चिरौली डिवीजन का सदस्य था। वह 77 संगीन मामलों में शामिल है, जिनमें 34 मुठभेड़, 7 आगजनी और 23 हत्याएं शामिल हैं।
  • उसकी पत्नी जैनी खराटम भामरागढ़ एरिया कमेटी की सक्रिय सदस्य थी और 29 मामलों में वांछित है।
  • जंसी तलंदी ने 14 अपराधों को अंजाम दिया, जिनमें 12 मुठभेड़ और 1 हत्या शामिल है।
  • मनीला गावड़े 10 अपराधों में शामिल रही है, जिनमें 4 हत्याएं और 5 मुठभेड़ शामिल हैं।

एसपी नीलोत्पल ने साफ संकेत दिया है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान और भी तेज़ किया जाएगा, जिससे आने वाले समय में और बड़ी गिरफ्तारियों की उम्मीद है।

मुर्शिदाबाद से मालदा तक: जब दंगाइयों से भागे हिंदू परिवार, पुलिस ने बना दिया कैदी

लखनऊ में संघ की शक्ति का प्रदर्शन: सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले दो दिवसीय दौरे पर, शाखा टोली के कार्यक्रम में होंगे शामिल