छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले के आरोपी पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा के घर सीबीआई की छापेमारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में आरोपी पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा के घर पर शुक्रवार को दिल्ली से आई सीबीआई की टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई रायपुर के कटोरा तालाब, सिविल लाइन स्थित उनके आवास पर की गई। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की टीम यह छापेमारी नान (नागरिक आपूर्ति राशन घोटाला), महादेव ऐप, कोयला और आबकारी घोटाले से जुड़े मामलों के सिलसिले में कर रही है। टीम में छह से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। हालांकि, इस कार्रवाई के बारे में सीबीआई की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

गौरतलब है कि अनिल टुटेजा एक साल से अधिक समय से केंद्रीय जेल रायपुर में बंद हैं। सीबीआई टीम उनके घर में तलाशी अभियान चला रही है, जहां वे परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रहे हैं और कागजी व डिजिटल दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।

पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा को दो दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट से शराब घोटाले में एक साल से ज्यादा समय तक न्यायिक हिरासत में रहने पर सशर्त जमानत मिली थी, लेकिन यह राहत केवल ईडी के मामले में थी। ईओडब्ल्यू ने भी उनके खिलाफ केस दर्ज किया है, जिसके कारण जमानत मिलने के बावजूद वह जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे।

अनिल टुटेजा छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले में मुख्य आरोपियों में से एक हैं। ईडी के मुताबिक, भूपेश बघेल सरकार के दौरान सरकारी शराब के नाम पर 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का घोटाला हुआ है।

ब्रिटेन को उप्र. और तमिलनाडु के डिफेंस कॉरिडोर में निवेश का आकर्षक अवसर

दिल्ली के सीलमपुर में 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू से हत्या, इलाके में तनाव बढ़ा