इंफाल। मणिपुर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से प्रतिबंधित संगठनों के 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार, मोबाइल फोन, वाहन और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है।
मणिपुर पुलिस ने बुधवार को बताया कि थौबल जिले के हिरोक थाना क्षेत्र में सलुंगफम ममांग लाईकाई बाजार के पास केसीपी (अपुनबा सिटी मैतेई) के चार उग्रवादियों को पकड़ा गया। ये लोग विभिन्न क्षेत्रों जैसे ईंट भट्टा, सॉ मिल, बैंक, अस्पताल, स्कूल-कॉलेज, ऑयल पंप, दुकानदार, ठेकेदार और स्टोन क्रेशर से लेकर आम जनता से भी अवैध वसूली करते थे। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान मो. सारुक खान (34, थौबल वांगखेम), संगोमसंबम अख्तर अहमद (29, थौबल वांगखेम), कोंजेंगबम कुमारजीत सिंह (41, नंबोल लैमैपोकपम अवांग लाईकाई, बिष्णुपुर) और लैश्रम जयमंगल सिंह (47, कैरेम्बिखोक ममांग लाईकाई) के रूप में हुई है। इनके पास से एक .32 पिस्टल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, तीन हैंड ग्रेनेड, पांच मोबाइल फोन, एक चार-पहिया वाहन और दो दो-पहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा, मणिपुर पुलिस ने इंफाल ईस्ट जिले के वैथौ चिरू क्षेत्र से एसओआरईपीए संगठन के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। इन पर याइरिपोक क्षेत्र के स्कूलों से जबरन वसूली करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लैशुंगबम लेनिन सिंह (31), युमखैबम लुखोई सिंह (32) और सगोलसेम दिनेश सिंह (25) के रूप में हुई है। उनके पास से तीन मोबाइल फोन, एक दो-पहिया वाहन और अन्य सामग्री बरामद हुई है।
एक अन्य अभियान में, मणिपुर पुलिस ने केसीपी (नोंगद्रेंखोम्बा) संगठन के सदस्य सलाम सदानंद सिंह (31) उर्फ एगोचा उर्फ परी को इंफाल वेस्ट के लमफेल थाने के तहत कोम्बिरेई हाउसिंग कॉम्प्लेक्स से गिरफ्तार किया। वह इंफाल क्षेत्र में पैसों की मांग और धमकी देकर अवैध वसूली करता था। उसके पास से एक मोबाइल और आधार कार्ड बरामद हुआ।
इसके अलावा, केंद्रीय बलों ने भारत-म्यांमार सीमा के मोरेह थाना क्षेत्र में बॉर्डर पिलर 81, सब पिलर 3 के पास यूएनएलएफ (के) संगठन के तीन कैडरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में निंगोम्बम श्याम सिंह (32), चिंगांगबम जॉनसन मैतेई (30) और मो. सोहेल खान (25) शामिल हैं।
इन सभी मामलों में आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।