आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली में पटाखा कारखाने में विस्फोट, आठ की मौत, छह घायल

अनकापल्ली। आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले के कोटावुराटला मंडल के कैलासपट्टनम में स्थित एक पटाखा बनाने वाले कारखाने में रविवार को भीषण विस्फोट हुआ, जिसके कारण आग लग गई और आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही दमकलकर्मियों और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।

यह घटना उस समय हुई जब कारखाने में दिवाली के पटाखे बनाए जा रहे थे। विस्फोट के बाद कारखाने की एक इमारत का हिस्सा ढह गया और आग लग गई। मृतकों की पहचान निर्मला, रामालक्ष्मी, वेणुबाबु, बाबूराव, मनोहर, टाटाबाबू, पापा और गोविंद के रूप में हुई है। अन्य घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित काकीनाडा जिले के सांभर लखोटा मंडल के निवासी बताए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया कि नायडू ने गृहमंत्री अनिता, कलेक्टर और एसपी से फोन पर बात की और पीड़ितों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें घायलों की सेहत के बारे में सूचित किया। मुख्यमंत्री मृतकों के परिजनों के संपर्क में हैं। विधानसभा अध्यक्ष अय्यन्नापात्रुडु ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने का आदेश दिया है। यदि जरूरत पड़ी तो घायलों को विशाखापट्टनम ले जाने का भी निर्देश दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, विस्फोट के समय कारखाने में 15 श्रमिक काम कर रहे थे। घटना के बारे में आधिकारिक जानकारी अभी तक पूरी तरह से सामने नहीं आई है, लेकिन बचाव कार्य जारी है। आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री अनीता ने भी इस विस्फोट पर गहरा दुख जताया और घटनास्थल पर पहुंचने के लिए रवाना हो गईं। वे घायलों से भी मिलेंगी। कलेक्टर विजयकृष्णन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं, और अनकापल्ली जिले की एसपी तुहीन सिन्हा ने पुष्टि की कि विस्फोट के बाद आठ श्रमिकों की जान गई है।

मध्य प्रदेश में कृषि, पशुपालन और सहकारिता के क्षेत्र में अपार संभावनाएं: अमित शाह

मुख्य चुनाव आयुक्त ने दशम जलप्रपात की बीएलओ को बताया प्रेरणा स्रोत