नई दिल्ली। दुबई के क्राउन प्रिंस, यूएई के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम 8 और 9 अप्रैल को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ रहे हैं। यह उनकी भारत की पहली औपचारिक यात्रा होगी। उनके साथ कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और एक उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, 8 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सम्मान में एक दोपहर भोज का आयोजन करेंगे। इसके अलावा, क्राउन प्रिंस विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात करेंगे। वह मुंबई का दौरा भी करेंगे, जहां भारत और यूएई के प्रमुख व्यापारिक नेताओं के साथ एक व्यापारिक गोलमेज सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन दोनों देशों के पारंपरिक और उभरते क्षेत्रों में आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग को और मजबूत करेगा।
दुबई ने लंबे समय से भारत और यूएई के बीच व्यापार, संस्कृति और जनसंपर्क को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाई है। वर्तमान में लगभग 43 लाख भारतीय दुबई में निवास करते हैं। क्राउन प्रिंस की यह यात्रा भारत-यूएई के व्यापक रणनीतिक संबंधों और दुबई के साथ बहुआयामी सहयोग को और सशक्त बनाएगी।