अहमदाबाद। आगामी 8 और 9 अप्रैल को गुजरात के अहमदाबाद में होने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर देशभर से कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का आगमन शुरू हो गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, शशि थरूर, के. सी. वेणुगोपाल और अशोक गहलोत सहित कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) के अधिकांश सदस्य अहमदाबाद पहुंचेंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी 8 अप्रैल की सुबह शहर में आएंगे।
अधिवेशन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें 1800 प्रतिनिधियों के ठहरने, खानपान और परिवहन की व्यापक व्यवस्था की गई है। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने मीडिया को बताया कि अधिवेशन में बेरोजगारी, युवाओं में बढ़ती नशाखोरी और पेपर लीक जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहेंगे। वहीं, AICC सदस्य डॉ. तुलसी रेड्डी ने अहमदाबाद को महात्मा गांधी और सरदार पटेल की धरती बताते हुए कांग्रेस की देशभर में वापसी की उम्मीद जताई।
कांग्रेस नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए शहर के 35 होटलों में कमरे आरक्षित किए गए हैं। आश्रम रोड स्थित हयात होटल में राहुल, सोनिया और प्रियंका गांधी समेत CWC सदस्य ठहरेंगे। वस्त्रापुर के हयात होटल में AICC सचिव और प्रभारी रहेंगे, जबकि आईटीसी नर्मदा होटल में कांग्रेस के 100 सांसद और कुछ मुख्यमंत्री रुकेंगे। एसजी हाइवे के ताज और विवांता होटल में चार राज्यों के कांग्रेस मंत्रियों के लिए व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम का विवरण:
8 अप्रैल:
- सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक CWC की बैठक
- सरदार पटेल की प्रतिमा को सूत की माला पहनाकर दी जाएगी श्रद्धांजलि
- मेमोरियल विजिट, फोटो सेशन और फिर बैठक
- शाम 5 बजे गांधी आश्रम में प्रार्थना सभा
- शाम 7:45 बजे साबरमती रिवरफ्रंट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
9 अप्रैल:
- सुबह 9:30 बजे से अधिवेशन की शुरुआत
- 3000 कांग्रेस नेता लेंगे हिस्सा
- 300 एसी युक्त पंडाल और 150 लोगों की क्षमता वाला मंच तैयार
अधिवेशन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी इसे आगामी चुनावों से पहले एकजुटता और संगठनात्मक ताकत दिखाने का अवसर मान रही है।