नांदेड़ जिले में बड़ा हादसा: ट्रैक्टर कुएं में गिरा, आठ महिला मजदूरों की मौत, तीन घायल

मुंबई। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के अलेगांव शिवरा गांव में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब खेतों में काम के लिए जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में आठ महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गईं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नांदेड़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

कैसे हुआ हादसा:
राजस्व विभाग के अनुसार, हिंगोली जिले की वासमत तहसील के गुंज गांव से मजदूर शुक्रवार सुबह नांदेड़ के अलेगांव शिवरा गांव में हल्दी की फसल काटने के लिए ट्रैक्टर से रवाना हुए थे। गांव के पास पहुंचने पर ट्रैक्टर चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और ट्रैक्टर सीधे कुएं में जा गिरा। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान:
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान ताराबाई जाधव, धारुप्ता जाधव, मीना राउत, ज्योति सरोदे, चौथराबाई पारधे, सरसपति भुरद, सिमरन कांबले और एक अन्य महिला के रूप में हुई है।

घायल मजदूरों में शामिल हैं:

  • पुरुभाबाई कांबले
  • पार्वती बुरड
  • सतवाजी जाधव

इन तीनों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें गांव वालों की मदद से कुएं से पानी निकालने और बाकी राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

यह हादसा स्थानीय लोगों के लिए गहरे सदमे का कारण बना है, और प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

नौसेना कमांडर सम्मेलन: आधुनिकीकरण, आत्मनिर्भरता और क्षेत्रीय सुरक्षा पर रहेगा फोकस

संसद सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, वक्फ संशोधन विधेयक सहित 16 विधेयक पारित