नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 7 से 10 अप्रैल तक पुर्तगाल और स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान वह दोनों देशों के राष्ट्रपतियों और शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगी तथा भारतीय समुदाय के लोगों से भी संवाद करेंगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मु 7-8 अप्रैल को पुर्तगाल की यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान वे पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा से मुलाकात करेंगी और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इसके अलावा, वे पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो और नेशनल असेंबली (संसद) के अध्यक्ष जोस पेड्रो अगुइर-ब्रैंको से भी भेंट करेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मु की यह यात्रा विशेष महत्व रखती है, क्योंकि 27 वर्षों के बाद कोई भारतीय राष्ट्रपति पुर्तगाल जा रहा है। भारत और पुर्तगाल इस वर्ष राजनयिक संबंधों की पुनः स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। पिछली राजकीय यात्रा 1998 में हुई थी, जब राष्ट्रपति के. आर. नारायणन पुर्तगाल गए थे।
इसके बाद, राष्ट्रपति मुर्मु 9-10 अप्रैल को स्लोवाकिया की यात्रा करेंगी। वहां वे स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इसके अलावा, वे स्लोवाकिया की राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष रिचर्ड रासी से भी मुलाकात करेंगी। यह यात्रा भी ऐतिहासिक है, क्योंकि 29 वर्षों के बाद कोई भारतीय राष्ट्रपति स्लोवाकिया का दौरा कर रहा है।



