जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तानी सेना ने घुसपैठ की कोशिश करते हुए संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और गोलीबारी की। इसके जवाब में भारतीय सैनिकों ने संयमित और संतुलित प्रतिक्रिया दी।
जम्मू स्थित रक्षा पीआरओ, लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि संघर्ष विराम का यह उल्लंघन मंगलवार दोपहर 1.10 बजे हुआ। हालांकि, भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान को हुए नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई, लेकिन सूत्रों के अनुसार, विस्फोट और गोलीबारी में पाकिस्तानी सेना के पांच सैनिक घायल हुए।
01 अप्रैल को कृष्णा घाटी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की घुसपैठ के कारण एक माइन ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद बिना किसी उकसावे के पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी कर संघर्ष विराम तोड़ा। भारतीय सैनिकों ने प्रभावी और नियंत्रित जवाब दिया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
भारतीय सेना ने दोहराया कि नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए रखने के लिए 2021 में महानिदेशक सैन्य अभियान (डीजीएमओ) के बीच हुई सहमति के सिद्धांतों का पालन करना आवश्यक है।