नागपुर। नागपुर में हुई हिंसा के मुख्य आरोपित फहीम खान के मकान के अवैध हिस्से को सोमवार को नगर निगम ने ध्वस्त कर दिया। नागपुर नगर निगम के अधिकारियों ने यह कार्रवाई बुलडोजर के जरिए की।
अल्पसंख्यक लोकतांत्रिक पार्टी (एमडीपी) के नेता फहीम खान को 17 मार्च को नागपुर में हुई हिंसा का मास्टरमाइंड बताया गया है। जांच में सामने आया कि उसने यशोधरानगर थाना क्षेत्र के संजय बाग कॉलोनी में दो मंजिला इमारत बनाई थी, जिसका एक बड़ा हिस्सा अवैध था। नगर निगम ने रविवार को उसे नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया था। इसके बाद, स्थानीय लोगों के अनुसार, खान का परिवार अपने रिश्तेदारों के यहां चला गया।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, फहीम खान ने हिंसा के दिन भीड़ जुटाकर प्रशासन और पुलिस के खिलाफ भड़काया था। इस आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है। अब नगर निगम ने उसके मकान के अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया है।