हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के फाइनल में हरियाणा और झारखंड की टक्कर

पंचकूला। हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला 12 मार्च को ताऊ देवी लाल हॉकी स्टेडियम, पंचकूला में खेला जाएगा। खिताबी भिड़ंत में गत विजेता हॉकी हरियाणा की टीम हॉकी झारखंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

हरियाणा का शानदार सफर, मजबूत डिफेंस की झलक

हॉकी हरियाणा ने टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रदर्शन किया है, अब तक चार मैचों में सिर्फ एक गोल गंवाया है। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत हॉकी कर्नाटक को 5-1 से हराकर की, इसके बाद हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को 3-0 से मात दी।

क्वार्टर फाइनल में हॉकी पंजाब को 1-0 से कड़ी टक्कर देने के बाद सेमीफाइनल में हॉकी मिजोरम के खिलाफ 4-0 की शानदार जीत दर्ज की। टीम की कप्तान रानी अब तक तीन गोल कर चुकी हैं और खिताब बचाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

झारखंड का संघर्ष, रोमांचक शूटआउट से फाइनल में पहुंची

हॉकी झारखंड ने टूर्नामेंट की शुरुआत दमदार अंदाज में की थी, जहां पहले मुकाबले में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 9-2 से हराया। इसके बाद हॉकी मिजोरम और हॉकी मध्य प्रदेश को 3-1 से शिकस्त दी।

सेमीफाइनल में हॉकी महाराष्ट्र के खिलाफ मुकाबला निर्धारित समय तक गोलरहित रहा, जिसके बाद शूटआउट में झारखंड ने 3-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। इस रोमांचक जीत में गोलकीपर अंजलि भींजिया ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने महाराष्ट्र के तीन खिलाड़ियों के शॉट रोककर टीम को जीत दिलाई। अलबेला रानी टोप्पो अब तक चार गोल कर चुकी हैं और फाइनल में अपने स्कोर में इजाफा करना चाहेंगी।

कोचों की रणनीति

हॉकी हरियाणा के कोच आज़ाद मलिक ने कहा, “शुरुआत में कुछ चुनौतियां थीं, लेकिन टीम ने शानदार वापसी की। हम फाइनल में आक्रामक हॉकी खेलेंगे और अपनी खिताबी जीत को बरकरार रखने के लिए तैयार हैं।”

हॉकी झारखंड के कोच सुधीर गोला ने कहा, “टीम ने पूरे टूर्नामेंट में संघर्ष दिखाया है। हरियाणा मजबूत प्रतिद्वंद्वी है, लेकिन हमारे खिलाड़ी भी आत्मविश्वास से भरे हैं और ट्रॉफी जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे।”

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या हॉकी हरियाणा अपनी बादशाहत कायम रखेगी या फिर झारखंड पहली बार चैंपियन बनकर इतिहास रचेगी।

ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप 2025: भारतीय शटलरों के लिए कड़ी परीक्षा

वीएस जग्गी समेत कई हस्तियों को मिला डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राष्ट्रीय समर्पण पुरस्कार