हीरो हॉकी इंडिया लीग ने देशभर में खींचा 4.1 करोड़ से अधिक दर्शकों का ध्यान

नई दिल्ली। सात साल के लंबे इंतजार के बाद हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2024–25 की धमाकेदार वापसी ने भारतीय हॉकी को नई ऊर्जा दी है। पुरुषों की लीग की बहुप्रतीक्षित वापसी और महिला लीग की ऐतिहासिक शुरुआत ने इस संस्करण को बेहद खास बना दिया। देशभर में हॉकी प्रेमियों के जबरदस्त उत्साह और रिकॉर्ड दर्शक संख्या ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह खेल भारतीय खेल संस्कृति का अहम हिस्सा बना हुआ है।

इस बार लीग ने कुल 4.08 करोड़ दर्शकों तक अपनी पहुंच दर्ज की, जो 2017 के अंतिम संस्करण के 2.75 करोड़ दर्शकों की तुलना में 48% की उल्लेखनीय वृद्धि है। पुरुषों के फाइनल मुकाबले को अकेले 30.7 लाख दर्शकों ने देखा, वहीं महिला लीग का सबसे ज्यादा देखा गया मैच 29.2 लाख दर्शकों तक पहुंचा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसका असर दिखा—18 हॉकी खेलने वाले देशों में 50 लाख से ज्यादा दर्शकों ने टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर लीग का लुत्फ उठाया।

लीग ने महिला और पुरुष खेलों के दर्शकों में पारंपरिक अंतर को भी चुनौती दी। जहां आमतौर पर महिला खेलों को पुरुषों की तुलना में काफी कम दर्शक मिलते हैं, वहीं इस बार कई महिला मैचों को भी पुरुष मुकाबलों के बराबर देखा गया। 44 पुरुष मुकाबलों को कुल 3.29 करोड़ दर्शक (2.35 करोड़ टीवी पर, 94 लाख ओटीटी पर) और 13 महिला मुकाबलों को 1.51 करोड़ दर्शक (1.05 करोड़ टीवी पर, 45.9 लाख ओटीटी पर) मिले।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने इस सफलता को भारतीयों के हॉकी के प्रति जुनून का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “हीरो एचआईएल 2024–25 को मिली प्रतिक्रिया, प्रशंसकों, ब्रांड्स और प्रसारकों के विश्वास को दर्शाती है। हम भविष्य में इस खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी लीग ने जोरदार उपस्थिति दर्ज की। फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर हॉकी इंडिया के 3,000 से ज्यादा पोस्ट्स को 1 अरब से अधिक व्यूज़ मिले, जो एक जीवंत और सक्रिय हॉकी फैनबेस की पुष्टि करता है।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “हीरो एचआईएल की वापसी सिर्फ संख्यात्मक उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों और दर्शकों में नए जोश और विश्वास की वापसी भी है। महिला लीग की शुरुआत महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरक कदम है।”

हीरो एचआईएल की यह शानदार वापसी टोक्यो ओलंपिक के बाद हॉकी की लगातार बढ़ती लोकप्रियता को भी रेखांकित करती है, जब शुरुआती सप्ताह में हॉकी ने 6.9 करोड़ दर्शकों में 15.2% हिस्सेदारी हासिल की थी।

खिलाड़ियों को हर्बल सप्लीमेंट्स के अनुचित सेवन से सतर्क रहने की सलाह

राही सरनोबत ने सुनाई संघर्ष की कहानी, बीमारी से लड़कर जीता गोल्ड