शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की मार थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को सोलन जिले के नालागढ़-स्वरघाट मार्ग पर भारी बारिश के बीच बड़ा सड़क हादसा हो गया। सरकाघाट डिपो की एचआरटीसी बस गोलाजमाला के पास फिसलन भरी सड़क पर संतुलन खो बैठी और पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 44 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नालागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी दिखाई। कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बस हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और घायलों को हरसंभव सहायता दी जा रही है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे वाहन चालकों को नियंत्रण बनाए रखना चुनौती बन गया है।
इस बीच, सोलन जिले में बारिश के चलते भूस्खलन और जलभराव से यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। कुमारहट्टी गलयाना और पानी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-05 (NH-05) को ऊपरी दिशा में जाने वाले वाहनों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यात्री अब समलेच सुरंग के रास्ते गंतव्य तक पहुंच रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम को देखते हुए बेहद सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।



