शिमला। हिमाचल प्रदेश एक बार फिर प्रकृति के भीषण प्रकोप का सामना कर रहा है। मंडी जिले में बीती रात बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचा दी। करसोग उपमंडल में बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। डीएसपी करसोग ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, मंडी जिले के गोहर क्षेत्र के स्यांज गांव में नाले में आई बाढ़ के चलते नौ लोग लापता हो गए हैं। मां-बेटी को रेस्क्यू कर लिया गया, लेकिन अन्य की तलाश जारी है।
जिला मंडी में हालात बद से बदतर हो चुके हैं। पंडोह बाजार जलमग्न हो गया है और कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। बाखली और कुकलाह में पुल बह गए हैं जबकि चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद हो चुका है। पटीकरी पावर प्रोजेक्ट को भी भारी नुकसान हुआ है। पंडोह डैम का जलस्तर 2922 फीट तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान (2941 फीट) के करीब है। हालात को नियंत्रित रखने के लिए डेढ़ लाख क्यूसेक से अधिक पानी ब्यास नदी में छोड़ा जा रहा है।
मंडी शहर में पंचवक्त्र मंदिर तक पानी पहुंच गया है। धर्मपुर की लौंगनी पंचायत में कई घर, गौशालाएं और मवेशी बारिश में बह गए। इंदिरा आवास कॉलोनी और रघुनाथपधर में राहत व बचाव कार्य रातभर जारी रहा।
हमीरपुर के खेरी गांव में रेस्क्यू ऑपरेशन
हमीरपुर जिले के सुजानपुर के खेरी गांव में ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से 20 से अधिक लोग फंस गए। अब तक 15 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि पुलिस व प्रशासन की टीमें बाकी लोगों को निकालने में जुटी हैं। पुलिस की बटालियन भी मौके पर तैनात है।
शिक्षण संस्थानों में अवकाश, छह जिलों में बाढ़ का अलर्ट
लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका के चलते मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों में आज सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों से दूर रहें और सावधानी बरतें। मौसम विभाग ने चंबा, मंडी, हमीरपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए अगले 24 घंटे का येलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश का भारी नुकसान: 44 की मौत, करोड़ों का नुकसान
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक 20 से 30 जून के बीच बारिश से जुड़ी घटनाओं में 44 लोगों की मौत हो चुकी है, 83 घायल हुए हैं और 5 अब भी लापता हैं। राज्यभर में 259 सड़कों पर यातायात बंद है, 614 ट्रांसफार्मर ठप हो चुके हैं और 130 से अधिक पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। अब तक प्रदेश को करीब 75 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है।
राज्य में 6 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी है।
प्रदेश में अगले कुछ दिन और मुश्किल भरे हो सकते हैं, क्योंकि मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन अलर्ट पर है, लेकिन लोगों से भी सजग और सतर्क रहने की अपील की गई है।



